प्रिय मित्रों,
मेरे सपनों की दुनिया, मेरी कविता की दुनिया, मेरे अनुभवों की दुनिया में आपका स्वागत है!
"आपकी बात जो अपनी जुबान से करता है,
वो ही शायर है जो बुत को भी खुदा कहता है!
मैं इंसान को, संबंधों को. रिश्तों को, भावनाओं को पूजनेवाला , उनकी क़द्र करनेवाला व्यक्ति हूँ.
मेरा धर्म इंसानियत है, मेरा कर्म सेवा है, मेरा जीवन आपका है, आप सबका है, मेरा ब्लॉग उन्हें समर्पित है जो इंसान को सिर्फ और सिर्फ इंसान समझते है. जो लोग हमें धर्म, भाषा, मजहब के नाम पर बाँट कर राजनीती की रोटी सेंक रहे है यह छोटी सी कविता उनके लिए........
भले बाँट दो तुम हमें सरहदों में
भले बाँट दो तुम हमें मजहबों में
भले खीँच दो तुम लकीरें जमीं पर
नहीं बाँट पाओगे दिल को हदों में !
नहीं बाँट पाओगे तुम इन गुलों को
यहाँ भी खिलेंगे वहां भी खिलेंगे
नहीं बाँट पाओगे तुम चाँद तारे
ये यहाँ भी उगेंगे वहां भी उगेंगे !
जहाँ तक चलेंगी ये ठंडी हवाएं
जहाँ तक घिरेंगी ये काली घटायें
जहाँ तक मोहब्बत का पैगाम जाये
जहाँ तक पहुंचती हैं मेरी सदायें !
वहां तक न धरती गगन ये बंटेगा
वहां तक न अपना चमन ये बंटेगा
न तुम बाँट पाओगे मेरी मोहब्बत
न तुम बाँट पाओगे ये दिलकी दौलत!
भले बाँट दो तुम जमीं ये हमारी
नहीं बंट सकेंगी हमारी दुवायें !
कभी देश बांटे, कभी प्रान्त बांटे
कभी बांटी नदियाँ, कभी खेत बांटे
खुदा ने बनाया था सिर्फ एक इन्सान
मगर मजहबों ने है इंसान बांटे !
मेरी प्रार्थना है न बांटो दिलों को
न बोवो दिलों में ए नफरत के कांटे!!
"नमन"